अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। नवंबर 2025 की रात्रि थाना कोतवाली देहात क्षेत्र से चोरी हुए डीसीएम ट्रक के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के तत्काल बाद अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई थी, जिसमें पांच अभियुक्त प्रकाश में आए। इनमें से दो को 16/17 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आज पुलिस को सूचना मिली कि शेष अभियुक्तों में से दो सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से पाखरौली रेलवे क्रॉसिंग की ओर जा रहे हैं। सूचना पर एसओजी टीम और थाना कोतवाली देहात पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में इन्हीं अभियुक्तों में से चार ने थाना गोसाईगंज, जनपद सुलतानपुर में 34 टन सरिया की लूट की घटना को अंजाम दिया था। पांच अभियुक्तों में से एक अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।