सईद अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
कोतवाली देहात, गोसाईगंज और कोतवाली नगर थानों में हुआ आयोजन, भूमि विवाद से जुड़े रहे अधिकतर मामले
सुल्तानपुर। जिले के विभिन्न थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कोतवाली देहात थाना परिसर में थाना प्रभारी अखण्ड देव मिश्र की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ, जहां भूमि व राजस्व से संबंधित सर्वाधिक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। कुल प्राप्त आवेदनों में से दो का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस दौरान कानूनगो दशरथ यादव, दिनेश कुमार, राम बहाल सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
वहीं, थाना गोसाईगंज में प्रभारी निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। उपनिरीक्षक भारत सिंह समेत राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसी तरह कोतवाली नगर थाना परिसर में एसएसआई जितेन्द्र राज की अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न हुआ, जहां अधिकतर मामले जमीनी विवाद से जुड़े रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस की विशेष बात यह रही कि राजस्व विभाग से जुड़े सबसे अधिक मामले होने के बावजूद वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम से नदारद रहे, जिससे फरियादियों में मायूसी देखने





को मिली।