अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुलतानपुर। थाना गोसाईंगंज परिसर में आगामी त्यौहारों दुर्गा पूजा,दशहरा, ग्यारहवीं शरीफ़, रामलीला व रावण वध को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु
पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी जयसिंहपुर प्रभात सिंह एवं क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने की।
बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय, दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, रामलीला कमेटियों के प्रतिनिधि, डीजे संचालक,ज़िला सुरक्षा संगठन के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के जुनीर अहमद, आशीष कुमार, वकील अहमद, कारी अब्दुल हलीम, हरीलाल सोनी, ग्राम प्रधान, धर्मगुरु, ग्राम रक्षा समिति सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों का आयोजन आपसी भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए किया जाए। किसी भी धार्मिक आयोजन में आपत्तिजनक नारे, पोस्टर, बैनर या भाषण का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई। रामलीला और रावण दहन जैसे आयोजनों में सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
इसके साथ ही प्रत्येक आयोजनकर्ता के लिए अनुमति-पत्र (Permission) लेना अनिवार्य बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि बिना अनुमति कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देकर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।
बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों और आयोजकों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और संकल्प लिया कि सभी त्यौहार शांति, सौहार्द और एकता के माहौल में सम्पन्न कराए जाएंगे।