अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। जिले के विभिन्न थानों में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कोतवाली देहात, गोसाईगंज और कोतवाली नगर थाना परिसरों में हुए कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सबसे अधिक मामले भूमि और राजस्व विवाद से जुड़े सामने आए, जिससे स्पष्ट हुआ कि जमीनी विवाद आज भी लोगों की प्रमुख समस्या बने हुए हैं।
कोतवाली देहात थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने की। यहां कुल प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से दो मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह,लेखपाल, कानूनगो सहित पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं थाना गोसाईगंज में प्रभारी निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जिसमें उपनिरीक्षक गुलाब चंद सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में कोतवाली नगर थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस संपन्न हुआ। इस दौरान इंस्पेक्टर क्राइम आलोक कुमार धीमन, दरोगा यशवंत द्विवेदी, रजत पाण्डेय, अशोक कुमार चौरसिया सहित कानूनगो व लेखपाल मौजूद रहे। यहां भी अधिकांश शिकायतें जमीनी विवाद से संबंधित रहीं।
हालांकि समाधान दिवस की एक अहम कमी यह रही कि राजस्व विभाग से जुड़े अधिक मामलों के बावजूद वरिष्ठ राजस्व अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे, जिससे कई फरियादियों में मायूसी देखी गई। अधिकारियों ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा

दिलाया।