अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
वाहनों की बिक्री में सबसे अधिक तेजी, जीएसटी दर घटने और उपभोक्ता विश्वास बढ़ने से बाजार में लौटी रौनक
धनतेरस के शुभ अवसर पर इस वर्ष जनपद सुल्तानपुर में लगभग 300 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 100 करोड़ रुपये अधिक है। व्यापार में यह उछाल जीएसटी दरों में कमी और उपभोक्ताओं की बढ़ी खरीदारी क्षमता के चलते देखने को मिला।
वाहनों की बिक्री इस बार कारोबार का मुख्य केंद्र रही, जिससे लगभग 150 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। हीरो और होंडा के टू-व्हीलर की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री 50 करोड़ रुपये, मिठाइयों का कारोबार 50 करोड़ रुपये, और पूजन-सामग्री व अन्य वस्तुओं का कारोबार भी 50 करोड़ रुपये के आसपास रहा। एलईडी टीवी, डबल डोर फ्रिज और ऑफ-सीजन एयर कंडीशनर खरीदारों की पहली पसंद बने।
हालांकि, शनिवार को धनतेरस पड़ने के कारण कुछ वस्तुओं जैसे बर्तन, स्टील, झाड़ू, सरसों का तेल और काला तिल की खरीदारी सीमित रही। व्यापारियों के अनुसार, रविवार को इसकी भरपाई होने की संभावना है।
लघु उद्योग सुल्तानपुर के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि टैक्स में कमी से बाजार में उत्साह दिखा है, जबकि बर्तन व्यवसायी गौरव जायसवाल ने महंगाई और शनिवार के असर से बिक्री प्रभावित होने की बात कही। मूर्ति विक्रेता ऊषा गुप्ता और मोबाइल विक्रेता मनीष केसरवानी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बिक्री बेहतर रही, जिससे व्यापारियों के चे

हरे खिल उठे।