अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
अमित शाह पर कथित अभद्र टिप्पणी से जुड़े 2018 के मानहानि मामले में सुनवाई तेज; 9 मार्च को लगी अगली तारीख,कोर्ट में करीब 25 मिनट रहे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में पेश हुए, जहां उन्होंने आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया। यह मामला वर्ष 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी से जुड़ा है। भाजपा नेता विजय मिश्रा द्वारा दायर मानहानि वाद में वादी पक्ष और दो गवाहों से जिरह पूरी हो चुकी है।
कोर्ट में राहुल गांधी करीब 20-25 मिनट तक मौजूद रहे। उनके वकील के अनुसार, राहुल ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए मामले को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। अदालत ने अब अगली सुनवाई 9 मार्च निर्धारित करते हुए राहुल गांधी को गवाह प्रस्तुत करने का अवसर दिया है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में पेश न होने पर अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। फरवरी 2024 में उन्होंने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें दो मुचलकों पर जमानत दी गई थी। 26 जुलाई 2024 को भी उन्होंने अपना बयान दर्ज कराते हुए स्वयं को निर्दोष बताया था।
शुक्रवार सुबह राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते सुल्तानपुर पहुंचे। कोर्ट परिसर में समर्थकों ने नारे लगाए, हालांकि राहुल ने माला पहनने से इनकार कर दिया और सीधे अदालत कक्ष में चले गए।
राहुल गांधी की पेशी से पहले सुल्तानपुर रहा हाई अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात रहा
राहुल गांधी के सुल्तानपुर आगमन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला और अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। सीओ सिटी सौरभ सामंत, नगर कोतवाल संदीप राय सहित कई थाना प्रभारियों और एसओजी टीम को तैनात किया गया। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी गई। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिवगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर चन्द्रभान वर्मा, इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी,बंधुआ कला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार,धम्मौर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रजत पाण्डेय, धनपतगंज थाना प्रभारी अंजू मिश्रा, महिला थाना प्रभारी हंसमती, विजयंत मिश्रा, यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर राम निरंजन यादव, मेजर बेलाल खान, एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार वर्मा, नरेंद्र मिश्रा समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।राहुल गांधी की पेशी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी रही और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
सुनवाई के बाद उनका काफिला कूरेभार क्षेत्र में रामचेत मोची की दुकान पर भी रुका, जहां उन्होंने उनके परिवार से मुलाकात की। रामचेत का हाल ही में कैंसर से निधन हो गया था। करीब पांच मिनट रुकने के बाद राहुल वापस लखनऊ के









लिए रवाना हो गए।