अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ 

सुल्तानपुर
सुलतानपुर। शनिवार को जिले की तहसील सदर व जयसिंहपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। तहसील सदर में कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी ने की। इस अवसर पर तहसीलदार न्यायिक बृजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में कुल 110 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का निस्तारण मौके पर ही किया गया। शेष 103 प्रार्थना पत्रों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को संतुष्टि प्रदान करना है, लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी। गंभीर मामलों पर तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।इस मौके पर राजस्व निरीक्षक इन्द्र प्रताप सिंह, अयोध्या सिंह,वासुदेव तिवारी, राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय तथा त्रिवेणी प्रसाद ओझा आदि मौजूद रहे
इसी तरह तहसील जयसिंहपुर में समाधान दिवस का आयोजन मुख्य राजस्व अधिकारी बाबू राम मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में एसडीएम प्रभात सिंह, तहसीलदार मयंक मिश्रा, एसडीएम न्यायिक शैलेन्द्र सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। यहां कुल 70 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष 60 मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गंभीर मामलों में एसडीएम ने मौके पर ही जांच व कार्रवाई के आदेश जारी किए। समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि निस्तारण रिपोर्ट हर हाल में समय पर प्रस्तुत करनी होगी।