अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुल्तानपुर में मंगलवार शाम एक 70 वर्षीय वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना अखंडनगर थाना क्षेत्र के खानपुर पिलाई गांव में हुई। घटना से गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को अखंडनगर चौराहे पर रखकर प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान उमाशंकर दूबे (70 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मंगलवार शाम अपने पशुओं को चरा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दबंगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिजन घायल उमाशंकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले गए, जहां डॉक्टर विवेक वर्मा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपक कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
उधर, परिजनों ने अपराधियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वे शव को थाने से उठाकर अखंडनगर चौराहे पर ले गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने गांव के कुछ नामजद और अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस पीड़ित परिवार को समझाने और मनाने में जुटी है। मृतक के बेटे ने बताया कि वे अपने अन्य भाइयों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराएंगे। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को घटनास्थल पर रवाना कर दि
या गया है।