अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़
सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। गोसाईगंज थाने में मंगलवार को आगामी त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जयसिंहपुर एसडीएम प्रभात कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने की। इस दौरान तहसीलदार मयंक मिश्रा और थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय मौजूद रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा महोत्सव, दशहरा, ग्यारहवीं शरीफ़ और राजापुर में होने वाले विशाल उर्स जश्ने ग़ौसुल आज़म गौसाबाद शरीफ़ मेले समेत अन्य त्योहारों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि क्षेत्र में कुल 85 दुर्गा पूजा पंडाल लगाए जाएंगे, जिनके लिए प्रशासन से अनुमति प्रदान की जा चुकी है।
एसडीएम प्रभात सिंह ने सभी से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि वे अपने वालेंटियर तैनात करें और तेज आवाज में डीजे बजाने से परहेज करें।
सीओ आशुतोष कुमार ने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान उपद्रवी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।किसी भी धार्मिक आयोजन में आपत्तिजनक नारे, पोस्टर, बैनर या भाषण का प्रयोग न करने की हिदायत दी। रामलीला और रावण दहन जैसे आयोजनों में सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं तहसीलदार मयंक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मूर्तियों का विसर्जन केवल चिन्हित स्थानों पर ही किया जाएगा, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, रामलीला कमेटियों के प्रतिनिधि, डीजे संचालक, ग्राम प्रधान, धर्मगुरु, ग्राम रक्षा समिति सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ज़िला सुरक्षा संगठन के जुनीर अहमद, हरीलाल सोनी, आशीष कुमार वर्मा,उबैदुर्रहमान,व गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।