अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब गैंगवार और माफिया राज का युग समाप्त हो चुका है। वह रविवार को जिला पंचायत सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों का दबदबा था, लेकिन योगी सरकार ने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देकर राज्य में अमन-शांति बहाल की है।
उन्होंने स्वीकार किया कि प्रदेश में छोटी-मोटी हत्या की घटनाएं अब भी होती हैं, लेकिन उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है।
बिहार चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप पर प्रतिक्रिया देते हुए पटेल ने कहा कि चुनावी राजनीति में आरोप लगाना आम बात है, मगर जनता उन्हीं पर विश्वास करती है जो विकास और राष्ट्रहित की बात करते हैं।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल जयंती पर भाजपा पूरे प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके बाद 1 से 25 नवंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं होंगी, जिनमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रहेगी। राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक गुजरात में आयोजित की

जाएगी।