अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात सिंह व सीओ राम कृष्ण चतुर्वेदी समेत अधिकारियों की मौजूदगी; शेष मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
सुल्तानपुर जिले में शनिवार को विभिन्न थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कोतवाली नगर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता इंस्पेक्टर आलोक कुमार धीमान ने की। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पैतृक संपत्ति के बंटवारे, रास्ते के झगड़े तथा अन्य राजस्व संबंधी प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। अधिकारियों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों की बारीकी से समीक्षा करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र और निष्पक्ष समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में लेखपाल, कानूनगो सहित अन्य राजस्व व पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
इसी क्रम में थाना गोसाईगंज में जयसिंहपुर उप जिलाधिकारी प्रभात सिंह तथा क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर राम कृष्ण चतुर्वेदी की उपस्थिति में समाधान दिवस आयोजित हुआ। इंस्पेक्टर क्राइम अखिलेश सिंह ने शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। वहीं कोतवाली देहात में क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर और थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सब इंस्पेक्टर राजेन्द्र वर्मा ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया। अधिकारियों ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी न्याय सुनिश्चित कर आमजन को राहत प्रदान 







करना है।