अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की 50वीं वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाली सुलतानपुर पुलिस की महिला आरक्षियों को “चल बैजन्ती पुरस्कार” से नवाजा गया। पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल टीम भावना का प्रतीक है, बल्कि खेलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती देती है।प्रतियोगिता के जूडो क्लस्टर इवेंट में महिला आरक्षी संध्या यादव ने 75-80 किग्रा वर्ग में लखनऊ जोन की ओर से प्रतिभाग करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं आरती यादव ने 65 किग्रा वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, रिचा मिश्रा और आरती यादव की जोड़ी ने 65-70 किग्रा वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।प्रतियोगिता में आरक्षियों ने जूडो, ताईक्वाण्डों, कराटे, वुशु और पेंचक सिलाट जैसे चुनौतीपूर्ण खेलों में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।सम्मान समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।यह उपलब्धि सुलतानपुर पुलिस की खेल संस्कृति, अनुशासन और निरंतर मेहनत का परिणाम है, जो आने वाले समय में और भी पुलिसकर्मियों को प्रेरित करेगी।