










अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
इंटरमीडिएट तक मुफ्त शिक्षा के साथ UPSC-NEET की तैयारी, प्रवेश परीक्षा से यूपी की 100 से 200 छात्राओं का होगा चयन
सुल्तानपुर। एफएएच ग्रुप के प्रमुख डॉ. अहमद रज़ा खान ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा को लेकर अपने विजन और भविष्य की योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने लखनऊ में उत्तर प्रदेश की गरीब और जरूरतमंद बच्चियों के लिए एक विश्वस्तरीय मुफ्त आवासीय स्कूल खोलने की घोषणा की। स्कूल में चयनित छात्राओं को इंटरमीडिएट तक निःशुल्क शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।
डॉ. रज़ा खान के मुताबिक कक्षा पांचवीं या छठवीं के स्तर पर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रवेश परीक्षा आयोजित कर 100 से 200 छात्राओं का चयन किया जाएगा। चयनित छात्राओं से किसी तरह की फीस नहीं ली जाएगी। स्कूल में पढ़ाई के साथ हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध होगी और छात्राओं को UPSC, NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने बताया कि उनके अस्पताल में वार्ड, ओटी और प्राइवेट कमरों का निर्माण इस तरह किया गया है कि प्रत्येक बेड तक प्राकृतिक सूर्य की रोशनी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों के इलाज में धर्म और जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।
डॉ. खान ने कहा, “इंसानियत ही हमारा पहला धर्म है।” उन्होंने बताया कि अस्पताल का करीब 80 प्रतिशत स्टाफ और कई शेयरहोल्डर्स हिंदू समुदाय से हैं। जरूरतमंद मरीजों के लिए हेल्थ कार्ड, डिस्काउंट और विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के लिए उलेमाओं और स्थानीय प्रतिनिधियों के माध्यम से ‘खिदमत फॉर्म’ व्यवस्था भी लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर में अस्पताल खोलने का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवा देना नहीं, बल्कि लोगों में यह विश्वास पैदा करना भी है कि छोटे शहरों में बड़े प्रोजेक्ट, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और कारोबार स्थापित किए जा सकते हैं। व्यापार और आपसी लेन-देन को उन्होंने समाज में भरोसे और भाईचारे की मजबूती का आधार बताया।
कार्यक्रम में शहर काज़ी मौलाना अब्दुल लतीफ, मौलाना उस्मान खान कासमी, मौलाना कसीम कासमी, मौलाना सुहेल नदवी, मतहरुस्सलाम, हाफिज मोहम्मद अली, डॉ. तारिक खान, एमएच खान अलगौरी एडवोकेट, शमीम अहमद, आफताब अहमद एडवोकेट, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डॉ. कमालुद्दीन, डॉ. शादाब हुसैन, सभासद मोहम्मद अहमद घरहां समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।