अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
भारी पुलिस बल के साथ शहर में निकला फ्लैग मार्च; दुकानदारों व व्यापारियों से संवाद कर जानी समस्याएं, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
सुल्तानपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार शाम सुल्तानपुर पुलिस ने शहर में व्यापक पैदल गश्त किया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में दुकानदारों एवं व्यापारियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही सभी से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया गया।
एसपी विनीत जायसवाल ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पैदल गश्त के दौरान पुलिस की मौजूदगी से बाजारों में सुरक्षा का संदेश भी पहुंचा।
इस दौरान सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा, सब इंस्पेक्टर अविनाश चन्द्र, सुनील कुमार सिंह, प्रदीप यादव, पंकज कुमार, अशोक कुमार वर्मा, विनोद शर्मा समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की सक्रियता से शहर में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा



मजबूत हुआ।