


अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
नहलाया-धुलाया, बाल-दाढ़ी बनवाई, नए कपड़े पहनाए और जिला अस्पताल पहुंचाया; अब वाराणसी मानसिक चिकित्सालय में होगा इलाज
सुल्तानपुर। वर्षों से लावारिस हालत में सड़कों के किनारे जिंदगी गुजार रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के लिए सुल्तानपुर पुलिस उस वक्त सहारा बन गई, जब पुलिस टीम ने न सिर्फ उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, बल्कि नहलाकर साफ-सुथरे कपड़े पहनाए और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्रा के नेतृत्व में सीताकुंड चौकी प्रभारी सुनील सिंह और दरोगा अतिबल सिंह पुलिस टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे। बताया गया कि यह व्यक्ति वर्ष 2019 से फायर ब्रिगेड के पीछे बेहद दयनीय हालत में रह रहा था। उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति खराब होने के साथ ही पैरों में भी परेशानी थी।
सिरवारा रोड निवासी पप्पू ने बताया कि यह व्यक्ति पहले नगरपालिका में काम करता था। स्थानीय नागरिक सुनील तिवारी ने बताया कि वह पिछले दो-ढाई वर्षों से वहां से गुजरते समय कभी पानी तो कभी भोजन उपलब्ध कराते थे। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहल के बाद अब व्यक्ति साफ-सुथरे कपड़ों में है और उसके साथ किसी तरह की गलत घटना या दुर्व्यवहार नहीं हुआ।
पुलिस ने व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर लाकर नहलाया-धुलाया, बाल-दाढ़ी बनवाई और नए कपड़े पहनाए। भोजन और पानी की भी व्यवस्था की गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच और पैर का उपचार कराया जाएगा।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि फिलहाल व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता दिलाई जा रही है। इसके बाद पुलिस उसे वाराणसी स्थित मानसिक चिकित्सालय ले जाएगी, जहां उसके इलाज और रहने की व्यवस्था के लिए बातचीत हो चुकी है।
पुलिस की इस पहल ने वर्दी के मानवीय चेहरे को सामने रखा है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों और पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से उपेक्षित व्यक्ति को आखिरकार इलाज और सम्मान के साथ जीने की उम्मीद मिली है।