अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
दो लेखपाल घायल, बंधक बनाने का भी आरोप; दो आरोपी हिरासत में, डंपर सीज और दो एफआईआर दर्ज
सुल्तानपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर खनन में संलिप्त लोगों ने हमला कर दिया। सोमवार देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर इमलिया गांव में हुई इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। हमले में नायब तहसीलदार सदर धर्मेंद्र यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो लेखपाल घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने दो लेखपालों को बंधक भी बना लिया था।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला के मुताबिक, गांव में अवैध खनन की सूचना पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची थी। टीम में लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह, सुमित कुमार सहित अन्य कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड शामिल थे। इसी दौरान खनन में लगे लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम पर हमला कर दिया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के संबंध में कोतवाली नगर में शिकायत भी दी गई।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम जांच के लिए भेजी गई थी। मौके पर अवैध खनन की पुष्टि हुई। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और डंपर लेकर भागने का प्रयास किया गया। प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई आगे बढ़ाई तो खनन में संलिप्त लोगों ने हमला कर दिया।
डीएम के अनुसार, घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एक डंपर सीज किया गया है तथा दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य सख्त कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं।