


अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी विनीत जायसवाल ने दीं विजयादशमी की शुभकामनाएं, हजारों लोगों की मौजूदगी में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बना रावण दहन
सुल्तानपुर में विजयादशमी का पर्व मंगलवार को आस्था, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के बीच मनाया गया। रामलीला मैदान और गभड़िया पुल के पास आयोजित ऐतिहासिक दशहरा मेले में 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस नजारे का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे। रावण दहन के साथ पूरा इलाका उत्सव के रंग में सराबोर हो उठा और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश गूंज उठा।
दशकों पुरानी परंपरा से जुड़े इस आयोजन में सुबह से ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। रामलीला और रावण दहन ने भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक विरासत की झलक पेश की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह, एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया, तहसीलदार सदर अभिनव सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, केंद्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी, अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज, कांग्रेस नेता वरुण मिश्रा, राजेश तिवारी और पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री सोनम किन्नर सहित जिला सुरक्षा संगठन, अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनसमूह और जनपदवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से सत्य, नैतिकता और सदाचार के मार्ग पर चलने तथा प्रेम, शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक ने भी जिलेवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। आयोजन ने सुल्तानपुर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।