
अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
मुठभेड़ में मुख्य आरोपी राहुल सिंह के पैर में लगी गोली, पिस्टल, कारतूस और स्कॉर्पियो बरामद
सुल्तानपुर। अवैध मिट्टी खनन रोकने गई राजस्व एवं खनन टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे कोतवाली नगर पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में राहुल सिंह के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह निवासी अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर, नौशाद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी प्रतापपुर, थाना बंधुआकला तथा मनोज सिंह पुत्र अनिल सिंह निवासी रवनिया, थाना करौंदीकला के रूप में हुई है। तीनों राजस्व एवं खनन टीम पर हमले के मामले में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, राहुल सिंह का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या, हत्या की साजिश, दंगा, धमकी, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि अवैध मिट्टी खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हुए हमले में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया था, जबकि दो लेखपाल भी घायल हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था। अवैध खनन में इस्तेमाल किए गए अब तक चार डंपर भी जब्त किए जा चुके हैं।
एसपी विनीत जायसवाल की कार्यशैली की चर्चा
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। सरकारी टीम पर हमले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मुठभेड़ के बाद हुई बरामदगी से पुलिस की सक्रियता सामने आई है। एसपी की सख्त कार्यशैली और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से अवैध खनन तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।