Homeउत्तर प्रदेशजनगणना में पहली बार घर बैठे होगी खुद की गणना, ऑनलाइन भरें...

जनगणना में पहली बार घर बैठे होगी खुद की गणना, ऑनलाइन भरें 40 सवालों के जवाब

IMG 20261104 214624 1

अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर

 

16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना का मिलेगा मौका, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

 

 

 

 

सुल्तानपुर। जनगणना 2027 में इस बार नागरिकों को पहली बार घर बैठे अपनी और परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जिले में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को जनगणना की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

डीएम ने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर सकेंगे। ऑनलाइन फॉर्म में कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे। जानकारी जमा करने के बाद मिलने वाली स्व-गणना आईडी (SE-ID) सुरक्षित रखनी होगी और प्रगणक के घर पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध करानी होगी।

इस प्रक्रिया में किसी दस्तावेज अथवा रिकॉर्ड की जरूरत नहीं होगी। नागरिकों को परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सही-सही दर्ज करनी होंगी। सवालों में सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति के साथ डिजिटल साक्षरता तथा अन्य जातियों की व्यक्तिगत स्तर पर गणना से जुड़े बिंदु शामिल हैं।

जिले में आधिकारिक मकान सूचीकरण एवं गणना प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक चलेगी। इस दौरान प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर विवरण दर्ज करेंगे। बेघर व्यक्तियों की गणना चार जनवरी को सूर्यास्त के बाद की जाएगी।

जनगणना कार्य के लिए जिले में 4,841 प्रगणक और 753 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके लिए कुल 5,577 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

प्रेस वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गरिमा सौनकिया, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अनामिका सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

ताज़ा खबरें

उत्तर प्रदेश

राजधानी

दिल्ली NCR

हाल की टिप्पणियां