अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई बिक्री, व्यापारियों ने लाइसेंस में देरी पर जताई नाराजगी
सुल्तानपुर। दीपावली पर्व पर शहर के खुर्शीद क्लब मैदान में लगे पटाखा बाजार में तीन दिनों के भीतर करीब 42 से 45 लाख रुपये के पटाखों की बिक्री हुई। रविवार तक यहां लोगों की भीड़ उमड़ती रही और खरीददारों ने जमकर आतिशबाजी का सामान खरीदा। बाजार में 150 रुपये की छुरछुरिया से लेकर 6500 रुपये के 240 शॉट रॉकेट तक की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध रही। ठेकेदार निर्भय सिंह ने बताया कि 1000 रुपये तक के छोटे पटाखों — जैसे छुरछुरिया, चटाई दाना, मल्टी एरियल, जलेबी, अनार कैन, मिनी बुलेट और स्काई शॉट — की बिक्री सबसे अधिक रही।
जिला अग्निशमन अधिकारी केतन कुमार ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पटाखा बाजार की नियमित जांच की गई। दुकानों पर अग्निशमन प्रणाली, बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखी गई। दुकानदार मोहम्मद अल्तमश ने बताया कि अधिकारी हर एक से डेढ़ घंटे में निरीक्षण कर रहे थे।
हालांकि, कुछ व्यापारियों ने इस वर्ष बिक्री को पिछले साल के मुकाबले कमजोर बताया। व्यापारी राजवीर श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन द्वारा लाइसेंस जारी करने में देरी से व्यापार पर असर पड़ा है। पहले जहां तीन से चार लाख की बिक्री होती थी, वहीं इस बार मात्र एक से डेढ़ लाख तक ही सीमित रही। गोपाल कुमार अग्रहरि ने भी बाजार की मंदी पर चिंता जताई।
खुर्शीद क्लब मैदान में कुल 38 दुकानें लगाई गईं, जिसके लिए बार एसोसिएशन को 30 हजार रुपये किराया देना पड़ा। अस्थायी लाइसेंस शुल्क के साथ अन्य वसूली ने भी व्यापारियों की मु
श्किलें बढ़ाईं।