

अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी विनीत जायसवाल ने केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, जिला सुरक्षा संगठन व अपराध निरोधक समिति के शिविरों का किया शुभारम्भ
सुल्तानपुर।दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार रात शिविरों के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने जिला सुरक्षा संगठन की भूमिका की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि सुल्तानपुर की पहचान यहां की अनूठी परंपरा है, जहां नागरिक समाज, सामाजिक संगठन और प्रशासन मिलकर त्योहारों को सफल बनाते हैं। संगठनों का सहयोग प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है।
डीएम और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, जिला सुरक्षा संगठन, अपराध निरोधक समिति और नगरपालिका सहित विभिन्न शिविरों का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन संगठनों के साथ समन्वय से त्योहारों के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर होती हैं और जनसहभागिता से प्रशासन को मजबूती मिलती है।
उन्होंने बताया कि जिले में 1790 से अधिक दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इतने बड़े आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने में स्वयंसेवक और नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर सहयोग कर रहे हैं।
डीजे और ध्वनि प्रदूषण पर डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित डेसिबल सीमा का उल्लंघन, अत्यधिक बेस और प्रतिबंधित ध्वनि उपकरणों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे उत्साह, शांति और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाएं। प्रशासन सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह तत्पर है।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, सीएमओ डॉक्टर भारत भूषण, एसीएमओ डॉ लाल जी,ओम प्रकाश पांडे बजरंगी, जिला सुरक्षा संगठन अध्यक्ष डॉ राजीव श्रीवास्तव, महासचिव हाजी मोहम्मद इलियास खान, वरिष्ठ साहित्यकार कमलनयन पांडे, सरदार बलदेव सिंह, ज़ाहिद आब्दी,जुनैद अहमद, मीडिया प्रभारी अफ्तार अहमद, अरबाब अहमद खान, अपराध निरोधक समिति के सचिव अमर बहादुर सिंह अलीमुद्दीन बाल गोविंद मौर्य, शफीक अहमद खान आदि मौजूद रहे।