अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
मिशन शक्ति फेज-06 की अनूठी पहल: पीएमश्री विद्यालय की छात्रा बनीं एक दिवसीय थानाध्यक्ष
सुलतानपुर, 14 अक्टूबर। बेटियों में आत्मविश्वास जगाने, नेतृत्व क्षमता को निखारने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में जयसिंहपुर पुलिस ने सराहनीय पहल की। मिशन शक्ति फेज-06 के तहत पीएमश्री विद्यालय, भभोट की छात्रा अर्चिता वर्मा को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। खाकी की कुर्सी पर बैठकर अर्चिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनसेवा के तौर-तरीकों से रूबरू हुईं।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल के निर्देशन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास का संचार करना और पुलिस की भूमिका के प्रति सकारात्मक समझ पैदा करना रहा।
एक दिवसीय थानाध्यक्ष बनीं अर्चिता वर्मा को थाने में होने वाली जनसुनवाई, शिकायतों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष एवं पुलिसकर्मियों ने उन्हें पुलिस के विभिन्न दायित्वों, जनसमस्याओं के समाधान और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की भूमिका से अवगत कराया।
इस दौरान छात्रा ने पुलिस व्यवस्था को नजदीक से जानने का अवसर प्राप्त किया। ऐसी पहलें बालिकाओं को यह संदेश देती हैं कि वे भी आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व की भूमिका निभा सकती हैं और समाज में अपनी सशक्त पहचान बना सकती हैं।
जयसिंहपुर पुलिस की यह पहल मिशन शक्ति के उस उद्देश्य को मजबूत करती है, जिसके तहत बेटियों को जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा
रहे हैं।