अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। हलियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले और उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल लूटने की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार को ग्राम डोभियारा से चार वांछित अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तारी अभियान पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के नेतृत्व में चलाया गया। थानाध्यक्ष तरुण कुमार पटेल ने टीम के साथ मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम सिंह (26), अखिलेश सिंह उर्फ अखिल (20), प्रमिला सिंह (50) और शिवानी सिंह (24) शामिल हैं, जो सभी ग्राम डोभियारा, थाना हलियापुर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई सरकारी पिस्टल मय मैगजीन, 10 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त गड़ासी व डंडा बरामद किया। साथ ही बोलेरो वाहन UP 36 L 5849 को सीज किया गया।
घटना का मामला तब सामने आया था जब थाना कुमारगंज (अयोध्या) की पुलिस वांछित अभियुक्त आदर्श सिंह को पकड़ने उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान विपक्षीगण ने एकराय होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया, सरकारी काम में बाधा डाली और उपनिरीक्षक आकिल हुसैन की सरकारी पिस्टल तथा मोबाइल फोन छीन लिए। हमलावर पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ाकर फरार भी हो गए। पुलिस ने इस घटना पर गंभीरता दिखाते हुए थाना हलियापुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तरुण कुमार पटेल, उ0नि0 कैलाश सिंह यादव, उ0नि0 रामधनी वर्मा, उ0नि0 भगौती प्रसाद, हे0का0 बृजेन्द्र पाल सिंह, कांस्टेबल शीलू राठौर, दीपक साह एवं म0का0 संध्या शाक्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज
दिया है।