अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पैदल गश्त व चेकिंग, संदिग्धों पर कड़ी नजर
सुलतानपुर। आगामी गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद सुलतानपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर कुँवर अनुपम सिंह के स्पष्ट निर्देशन में दिनांक 25 जनवरी 2026 को जनपद के समस्त थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सघन पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया।
शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली। पैदल गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा वाहनों और सामान की भी जांच की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई 





की जाएगी।