
अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
ध्वजारोहण, आकर्षक परेड, पुलिसकर्मियों के सम्मान और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच संविधान, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड सुलतानपुर में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संवैधानिक मूल्यों का भव्य संगम देखने को मिला, जहां अत्यंत गरिमामयी वातावरण में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी कुमार हर्ष द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली गई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की रक्षा, सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का उत्साह, तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। भव्य पुलिस परेड इस समारोह का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें तिरंगे की छांव में कदमताल करते हुए विभिन्न पुलिस टुकड़ियों ने अनुशासन, एकरूपता और साहस का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। परेड का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष ने किया, जबकि पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों ने पूरे परेड ग्राउंड को जोश और गर्व से भर दिया। मोटर साइकिल दस्ता, डॉग स्क्वायड, यूपी-112 वाहन दस्ता, शक्ति मोबाइल वाहन, दंगा निरोधक वाहन, रेडियो दस्ता, साइबर क्राइम सेल, विधि विज्ञान इकाई, अग्निशमन दल और यातायात वाहन दस्ते की सहभागिता ने पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया। समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिसमें उप निरीक्षक अवधेश चौधरी को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह तथा थाना अध्यक्ष बन्धुकला प्रमोद कुमार पटेल को प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्रदान किया गया। इसके साथ ही जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। थाना प्रभारी हालियापुर वंदना अग्रहरि, उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह,पंकज कुमार, प्रदीप कुमार, टीएसआई काज़ी हुजूर आलम, नरेन्द्र सिंह, परवेज़ आलम, आदर्श सिंह समेत पुलिस कर्मियों सम्मान चिन्ह देकर उत्साहवर्धन किया गया। परेड के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और पुलिस परिवार के बच्चों ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविध संस्कृति और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया। परेड प्रतियोगिता में महिला टोली का प्रथम स्थान प्राप्त करना नारी शक्ति के सशक्त योगदान का प्रतीक बना, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राथमिक विद्यालय सिपहा, जयसिंहपुर ने प्रथम पुरस्कार हासिल कर ग्रामीण प्रतिभाओं की उल्लेखनीय छाप














छोड़ी।