अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर नगर कोतवाल धीरज कुमार के नेतृत्व में निकला पैदल गश्त, अवैध पार्किंग करने वालों को दी गई चेतावनी
सुल्तानपुर। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामंत के पर्यवेक्षण में नगर कोतवाल इंस्पेक्टर धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल भ्रमण किया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने सड़क किनारे और मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से खड़े चारपहिया व दोपहिया वाहनों पर सख्ती दिखाते हुए वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। नगर कोतवाल ने बताया कि सड़क पर वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पैदल गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि शांति भंग करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
इस अभियान में वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेन्द्र राज, उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, पंकज कुमार, प्रदीप कुमार, संजय राय सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। नगर कोतवाल ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार के अभियान जारी




रहेंगे।