एस. अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसडीएम सदर बिपिन कुमार द्विवेदी समेत अधिकारियों की मौजूदगी में कई प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण, शेष पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
सुल्तानपुर जिले में शनिवार को विभिन्न थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं। कोतवाली नगर में समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम सदर बिपिन कुमार द्विवेदी ने की। इस दौरान नगर कोतवाल इंस्पेक्टर संदीप राय भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पैतृक संपत्ति बंटवारा, रास्ते के विवाद और अन्य राजस्व संबंधी प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में एसएसआई जितेन्द्र राज,कानूनगो राम पाल मिश्रा, लेखपाल अखिलेश सिंह, सुनील मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में थाना गोसाईगंज में क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर राम कृष्ण चतुर्वेदी तथा नायब तहसीलदार रुचि यादव की उपस्थिति में समाधान दिवस आयोजित हुआ। थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय ने शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। वहीं कोतवाली देहात में तहसीलदार प्रांजल त्रिपाठी और थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सब इंस्पेक्टर राजेन्द्र वर्मा ने प्रात प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की जानकारी दी।

एसडीएम सदर ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य पारदर्शी व त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है।