एस. अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक चारु निगम से की मुलाकात, शीघ्र खुलासे का मिला आश्वासन
शहर के व्यस्ततम पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित वैद्यनाथ एजेंसी में पिछले दिनों हुई चोरी की घटना का अब तक खुलासा न होने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। मामले को लेकर जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक चारु निगम से मुलाकात कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने कहा कि शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठान में चोरी की घटना होने के बाद भी अब तक पुलिस द्वारा किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और घटना का शीघ्र खुलासा होना चाहिए।
इस दौरान संगठन के जिला उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा, नगर अध्यक्ष आनन्द पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस टीम को जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान वरिष्ठ महामंत्री एजाज अहमद, ज़ुबैर अहमद, जिला उपाध्यक्ष सईद अहमद, हरजोत सिंह, अशोक सिंह बिसेन समेत दर्जनों व्यापारीगण
मौजूद रहे।