अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसपी चारू निगम ने मौके का किया निरीक्षण, एसओजी व पुलिस टीमें जांच में जुटीं
सुल्तानपुर जनपद में बुधवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। कुड़वार थाना क्षेत्र के नरवापार कस्बे में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान माता प्रसाद पांडेय के रूप में हुई है, जो जमीन की खरीद-बिक्री के कार्य से जुड़े थे।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:45 बजे पांडेय अपनी स्कार्पियो से कमला इंडियन गैस सर्विस के पास उतरे ही थे कि पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, सीओ सिटी सौरभ सामंत सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी चारू निगम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल किसी पर सीधा आरोप नहीं है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया




गया है।