अफ़्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात, जनपद को 05 सुपर जोन, 19 जोन और 89 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
आगामी बकरीद(ईद-उल-अजहा)पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। बुधवार को पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह, सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में रूट मार्च एवं एरिया डोमिनेशन किया गया।
पुलिस टीम ने राहुल चौराहा, डाकघर, घंटाघर चौक सहित मिश्रित आबादी एवं भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
त्योहार के मद्देनजर जनपद को 05 सुपर जोन, 19 जोन और 89 सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को सतर्क रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। सर्राफा बाजार, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या अपुष्ट खबर को बिना सत्यापन के साझा न करने की भी अपी
ल की गई है।