अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसपी चारु निगम के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार जबकि दो साथी फरार
सुलतानपुर। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुड़वार पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर देवराम का पुरवा मजरा रवनिया पूरब क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो 12 बोर के कट्टे, आठ जिंदा कारतूस तथा एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते हैं और बरामद असलहों को बेचने के लिए सुलतानपुर शहर जा रहे थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके दो साथी मौके से हथियार लेकर फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित यादव निवासी पलिया सरकौड़ा तथा अभिषेक पाण्डेय निवासी सरैया पूरे विसेन, थाना कुड़वार के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना कुड़वार में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और असलहा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव, वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश यादव, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अज़ीम अहमद, कलाम अहमद विशाल जायसवाल समेत कई पुलिस कर्मी शामिल रहे।


