अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा की दिलाई शपथ, 30 अधिकारी-कर्मचारी पदक एवं प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित
सुलतानपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सुलतानपुर पुलिस लाइन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
एसपी चारू निगम ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि आत्मचेतना और आत्ममंथन का अवसर भी है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत कुर्बानियों और लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने आह्वान किया कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाओं, देशभक्ति गीतों और उनके संघर्षों से परिचित कराया जाए, ताकि युवा राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित हो सकें।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, शौर्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए सुलतानपुर पुलिस के कुल 30 अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न पदक एवं प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित किया गया। भारत सरकार, गृह मंत्रालय की ओर से 11 पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा छह को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया।
इसके अलावा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से चार पुलिसकर्मियों को प्रशंसा चिन्ह एवं प्रशस्ति प्रदान की गई। वहीं यूपी-112 मुख्यालय द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ पीआरवी कर्मियों एवं प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पदक और सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का सम्मान है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।
इस कार्यक्रम में एएसपी ब्रिज नारायण सिंह, सीओ सिटी एवं सीओ लाइन राघवेंद्र सिंह, सीओ ट्रैफिक राम कृष्ण चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी, नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा, साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कंचन सिंह, पीआरओ एसपी इंस्पेक्टर प्रेम चंद्र सिंह और आरआई राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मी








उपस्थित रहे।