अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
अभिलेखों, मालखाना, हवालात व महिला हेल्प डेस्क की जांच; लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने मंगलवार 15 सितंबर की देर रात थाना कोतवाली देहात का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में सक्रियता देखने को मिली।
एसपी ने थाना कार्यालय, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय सहित थाना परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने थाना स्तर पर लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और थाना परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग तथा आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी जनसुनवाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी 


मौजूद रहे।