अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
रिजर्व पुलिस लाइन में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्वकर्मा पूजन, शासकीय शस्त्रों, वाहनों व उपकरणों की सुरक्षा और सुचारू संचालन की कामना
सुलतानपुर। रिजर्व पुलिस लाइन सुलतानपुर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शस्त्रागार एवं परिवहन शाखा में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धाभाव के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर शासकीय संसाधनों की सुरक्षा एवं सुचारू संचालन की कामना की।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने शस्त्रागार में भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रागार में रखे शासकीय शस्त्रों तथा परिवहन शाखा में उपलब्ध सरकारी वाहनों और उपकरणों का भी विधि-विधान से पूजन किया गया।
पूजा-अर्चना के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही पुलिस के शासकीय संसाधनों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की कामना की। विश्वकर्मा पूजन को लेकर रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स एवं ट्रैफिक रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रभारी आरआई राजेश कुमार , परिवहन शाखा के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शस्त्रों, वाहनों एवं उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव तथा उनके सुचारू संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया। भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, तकनीक और कर्म-कौशल का देवता मानते हुए पुलिस कर्मियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-


अर्चना की।