अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
26 से 27 सितंबर तक मौसम खराब रहने की आशंका; जलभराव वाले रास्तों से बचने और बिजली के तारों से दूर रहने की अपील
जनपद सुल्तानपुर में आगामी 26 की रात और 27 सितंबर को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए सुल्तानपुर पुलिस ने आमजन के लिए मौसम संबंधी एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतें और स्वयं के साथ परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के पूर्वानुमान के हवाले से जारी एडवाइजरी में 26 सितंबर को जनपद में भारी वर्षा, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं 27 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश एवं गरज-चमक की स्थिति बनी रहने की आशंका है।
पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले मार्गों और निचले इलाकों में जाने से परहेज करने की अपील की है। नदी, नाले एवं जलभराव वाले स्थानों से विशेष दूरी बनाए रखने तथा बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों पर न जाने देने की सलाह दी गई है।
वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के पोल-तार और ट्रांसफार्मर के पास खड़े न होने को कहा गया है। किसानों से भी तेज हवा और गरज-चमक के दौरान खेतों में खुले स्थान पर न रहने की अपील की गई है।
पुलिस ने नागरिकों को टॉर्च, मोबाइल चार्जर, प्राथमिक उपचार सामग्री और जरूरी दवाएं साथ रखने तथा मौसम संबंधी जानकारी केवल विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त करने की सलाह दी है। आपात स्थिति में पुलिस 112, एंबुलेंस 108/102 और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 05362-220189 पर संपर्क किया
जा सकता है।