
अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
साथी के साथ मिलकर चोरी की साजिश, पहचान उजागर होने के डर से पत्नी पर फावड़े से वार; पति को कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतारा—दो आरोपी गिरफ्तार
सुलतानपुर। कादीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंभी डडिया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में आठ दिन पूर्व हुए शिक्षक दंपती के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित फावड़ा व कुल्हाड़ी समेत नकदी, आधार कार्ड और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
28/29 सितंबर की रात शिक्षण संस्थान के प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह (53) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (47) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर विनीत जायसवाल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राकेश कुमार यादव (36), निवासी कुंभी डडिया और आशीष यादव उर्फ डब्लू यादव (26), निवासी कुंभी डडिया शामिल हैं। दोनों को कादीपुर स्थित बुढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया से करीब 50 मीटर पूर्व गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि राकेश कुमार यादव उसी शिक्षण संस्थान में बस चालक और कंप्यूटर शिक्षक के रूप में काम करता था। आर्थिक तंगी के चलते उसने अपने पड़ोसी एवं पट्टीदार आशीष यादव के साथ मिलकर संस्थान में चोरी की योजना बनाई। संस्थान, कार्यालय और सीसीटीवी कैमरों की पूरी जानकारी होने के कारण राकेश ने वारदात को अंजाम देने की रणनीति तैयार की।
चोरी के दौरान अलमारी का लॉकर खोलते समय विनीता सिंह ने दोनों को देख लिया। पहचान खुलने के डर से राकेश ने पास रखे फावड़े से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद मुकेश सिंह को भागते देख दोनों ने पीछा किया और कुल्हाड़ी से वार कर उनकी भी हत्या कर दी। आरोपी नकदी, मोबाइल और आधार कार्ड लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 34,960 रुपये, मृतका का आधार कार्ड, रक्तरंजित फावड़ा व कुल्हाड़ी तथा वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। बरामद रकम में राकेश से 18,220 और आशीष से 16,740 रुपये


शामिल हैं।