
अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
गोसाईगंज थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनसमस्याओं को सुनने और उनके निस्तारण हेतु विशेष जनसुनवाई की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी जयसिंहपुर प्रभात सिंह एवं क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर आशुतोष कुमार ने की।
जनसुनवाई में अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, पैतृक संपत्ति के बंटवारे तथा रास्ते को लेकर उत्पन्न विवादों से संबंधित रहीं। कुल प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर कानूनगो अयोध्या सिंह, लेखपाल संदीप सिंह, मनोज पाठक सहित अन्य राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस के दौरान एसडीएम प्रभात सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनना और उनके निराकरण में पारदर्शिता बनाए रखना है। वहीं, उपस्थित नागरिकों ने समाधान दिवस की प्रक्रिया की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।