- अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर


सुलतानपुर। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में जनपद में आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला और ग्यारहवीं शरीफ़ जैसे बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त किया।
गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या उपद्रव फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में कानून व्यवस्था और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पैदल गश्त और चेकिंग अभियान से आमजनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास का माहौल बना है और लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।