अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
जबड़े में लगी गोली, दूसरी पत्नी से पूछताछ; पुलिस बोली- डिप्रेशन और पारिवारिक विवाद की भी जांच जारी
सुल्तानपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ओदरा गांव में शनिवार शाम एक 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के जबड़े में गोली लगी थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान मुफीद उर्फ बरसाती (50) निवासी ओदरा गांव के रूप में हुई है। वह पहले गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के इटकौली स्थित एक पेट्रोल पंप पर गार्ड की नौकरी करता था, जिसे करीब चार महीने पहले छोड़ चुका था। बताया जा रहा है कि उसने हाल ही में करीब 16 लाख रुपये की जमीन भी बेची थी।
जानकारी के अनुसार, मुफीद की पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जिससे उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। बच्चों की देखभाल के लिए उसने करीब आठ माह पहले दूसरी शादी की थी। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और मानसिक अवसाद जैसी बातें भी सामने आई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिली थी कि व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरी पत्नी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ा

रही है।