अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
गुलाम मोईनुद्दीन बोले-कर्बला का पैगाम सच्चाई और इंसाफ के लिए आवाज उठाना सिखाता है
सुल्तानपुर शहर में बुधवार शाम को सुन्नी समुदाय द्वारा पहली मोहर्रम का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस डिहवा मोहल्ले के इमामबाड़े से शुरू होकर राहुल चौराहा, शाहगंज और चौक होते हुए कर्बला तक ले जाया गया।
इस अवसर पर ‘आशिकाने अहले-बैत इंतजामिया कमेटी’ के गुलाम मोईनुद्दीन ने कर्बला के ऐतिहासिक संदेश और इस जुलूस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह जुलूस हजरत इमाम हुसैन की याद में निकाला जाता है।
गुलाम मोईनुद्दीन ने जोर देकर कहा कि यह केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि एक गहरा मानवीय संदेश है। यह जुलूस हमें सच्चाई, ईमानदारी और इंसाफ के लिए अपनी आवाज बुलंद करने की सीख देता है। कर्बला का मैदान हमें सिखाता है कि चाहे कैसी भी परिस्थिति हो, जुल्म के खिलाफ हमेशा डटकर खड़े रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि हजरत इमाम हुसैन के इस सार्वभौमिक संदेश की सराहना महात्मा गांधी से लेकर नेल्सन मंडेला जैसी महान विभूतियों ने भी की थी। दुनिया में जितने भी लोग हक की लड़ाई लड़ते हैं, वे कर्बला की सीख से ही प्रेरणा पाते हैं।
सांप्रदायिक सद्भाव की परंपरा को रेखांकित करते हुए मोईनुद्दीन ने बताया कि इस जुलूस में केवल मुस्लिम समुदाय ही नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इसमें कम से कम 5 से 6 हिंदू ‘ताजियादार’ भी शामिल होते हैं, जो सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर पेश करता है।
कमेटी के अध्यक्ष ने जुलूस के पारंपरिक रूट की जानकारी देते हुए बताया कि पहली और दसवीं मोहर्रम का जुलूस डिहवा से शुरू होकर पर्यावरण पार्क के बगल स्थित सुन्नी समुदाय के कर्बला पर जाकर संपन्न होता है। वहीं, अन्य दिनों में यह जुलूस डाकखाने से वापस होते हुए पुनः डीहवा पर ही समाप्त होता है।
उन्होंने पूरी इंसानियत को संदेश देते हुए कहा कि हजरत इमाम हुसैन ने कर्बला के मैदान से यही पैगाम दिया था कि हक और सच्चाई के लिए अगर अपना पूरा कुनबा भी लुटाना पड़े, तो पीछे नहीं हटना चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा, ट्रैफिक इंचार्ज राम निरंजन, शाहगंज चौकी प्रभारी अविनाश चंद्र, शास्त्री नगर चौकी प्रभारी अशोक कुमार वर्मा, सब इंस्पेक्टर संजय राय, हेड कांस्टेबल सुरजन लाल यादव, राम कुमार यादव समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और ईओ लालचंद सरोज की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। शासन-प्रशासन के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जुलूस का आयोजन आशिकाने अहलेबैत इंतजामिया कमेटी, डिहवा सुल्तानपुर के तत्वावधान में किया गया। संस्था के संरक्षक जफर उल्ला, यूथ अध्यक्ष खुर्शीद आलम और वालंटियर अध्यक्ष मोबीन अहमद सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली। वहीं अंजुमन फैज़ान-ए-रज़ा कर्बला कमेटी डिहवा सुल्तानपुर के अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद, एहसान सोनू और अख़लाक़ अहमद पप्पू समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
जिला सुरक्षा संगठन सुल्तानपुर के मीडिया प्रभारी अफ्तार अहमद, अरबाब अहमद समेत विभिन्न संगठनों के 




पदाधिकारी भी शामिल हुए।