अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
गोसाईगंज थाना क्षेत्र की घटना, घायल आजाद वर्मा लखनऊ रेफर; कई पुलिस टीमें गठित कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश
सुलतानपुर। जनपद के गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कारी बहार, जासापारा में रविवार शाम करीब 5:45 बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मारने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घायल की पहचान आजाद वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में हुई मारपीट की घटना की रंजिश को लेकर सत्यम पांडे और उसके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल आजाद वर्मा को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी चारु निगम ने मामले के शीघ्र एवं निष्पक्ष खुलासे के लिए पुलिस की विभिन्न टीमों का गठन करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और प्रकरण में विधिक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा

रही है।