अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर 

सुलतानपुर से कौशाम्बी स्थानांतरण पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने किया सम्मानित, उत्कृष्ट कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की हुई सराहना
सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर से कौशाम्बी स्थानांतरित हुए क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) सौरभ सामंत को पुलिस लाइन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल, अनुकरणीय कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना की।
विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सौरभ सामंत के कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और टीम भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके सरल, सौम्य एवं अनुशासित व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कौशाम्बी में नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल, यशस्वी और सफल भविष्य की कामना की। पुलिस परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि सौरभ सामंत अपनी नई तैनाती पर भी इसी निष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ जनसेवा का दायित्व निभाते रहेंगे।

