अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
डीवीपीएसटी की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा, निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के दिए सख्त निर्देश
सुलतानपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा ने शनिवार को पुलिस लाइन सुलतानपुर में आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (डीवीपीएसटी) की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर चारु निगम ने डीआईजी सोमेन बर्मा का पौधा भेंटकर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों की गहन समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा परिसर में सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। डीआईजी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, शुचितापूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर मिल सके और प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा प्रत्येक चरण में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या पक्षपात किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली 





गई हैं।