अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसपी चारु निगम ने युवाओं से की एकजुटता की अपील
सुल्तानपुर में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर एक कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह मार्च आजाद पार्क से शुरू होकर भारत माता और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं तक निकाला गया, जिसमें पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक (SP) चारु निगम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम 1947 में देश के विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले और विस्थापित हुए लोगों की स्मृति तथा उनके संघर्ष को नमन करने के लिए आयोजित किया गया है।
एसपी निगम ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह समझना आवश्यक है कि देश की आजादी कितने बड़े संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपनी स्वतंत्रता का सम्मान करें और समाज में आपसी भाईचारे, एकता व सौहार्द को मजबूत बनाए रखें।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि 14 अगस्त केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उस अमानवीय त्रासदी की याद दिलाता है जब देश दो हिस्सों में बंटा और लाखों परिवारों को बेघर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने जो बलिदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
अग्रवाल ने विशेष रूप से युवाओं का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को गूगल और एआई जैसे आधुनिक माध्यमों का उपयोग करके विभाजन के दौरान झेली गई मानसिक, शारीरिक और पारिवारिक पीड़ा के बारे में पढ़ना और समझना चाहिए।
ज़िला सुरक्षा संगठन सुल्तानपुर के वरिष्ठ संयोजक सरदार बलदेव सिंह ने कहा कि आज उन नामी, अनामी शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का समय है और आज उस समय की जो परिस्थितियां थीं विभाजन की उस त्रासदी को भी याद करने का समय है।
कैंडल मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक ब्रिज नारायण सिंह, एसडीएम सदर गरिमा सौनकिया, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा, इंस्पेक्टर आलोक कुमार धीमान, हंसमति, ज़िला सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष डॉ राजीव श्रीवास्त, संयोजक आशीष अग्रवाल, ज़ाहिद आब्दी, मीडिया प्रभारी अफ़्तार अहमद, अरबाब अहमद, व्यापार मण्डल नगर अध्यक्ष आनन्द पाण्डेय, ज़ुबैर अहमद समेत सामाजिक संगठन के पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं



आमजन शामिल हुए।

