अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
महिला एथलेटिक्स और पुरुष साइकिलिंग में सुलतानपुर ने जीती चल बैजयन्ती, पुरुष एथलेटिक्स में लखनऊ विजेता; खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
सुलतानपुर। रिजर्व पुलिस लाइन सुलतानपुर में आयोजित 28वीं अन्तर्जनपदीय लखनऊ जोन एथलेटिक क्लस्टर (महिला/पुरुष), एथलेटिक एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में लखनऊ जोन के 11 जनपदों से आए महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने विभिन्न एथलेटिक्स और साइकिलिंग स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार चतुर्थ रहे। प्रतियोगिता की आयोजन सचिव पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम रहीं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह, सीओ सिटी एवं सीओ लाइन राघवेंद्र सिंह, सीओ ट्रैफिक राम कृष्ण चतुर्वेदी समेत पुलिस विभाग के अधिकारी, टीम प्रभारी, खिलाड़ी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। बारिश के कारण कुछ स्पर्धाओं को रिजर्व पुलिस लाइन, पीटीएस और एयरस्ट्रिप में भी आयोजित कराया गया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 105 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के परिणाम में एथलेटिक्स पुरुष वर्ग की चल बैजयन्ती लखनऊ ने अपने नाम की, जबकि सुलतानपुर उपविजेता रहा। एथलेटिक्स महिला वर्ग में सुलतानपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चल बैजयन्ती हासिल की और लखनऊ उपविजेता रहा। वहीं पुरुष साइकिलिंग वर्ग की चल बैजयन्ती भी सुलतानपुर के खाते में गई।
मुख्य अतिथि ने कहा कि पुलिस बल में शारीरिक दक्षता का विशेष महत्व है। खेल प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करती हैं। एसपी चारू निगम ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का आभार जताया। सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित







किया गया।