अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
प्रयागराज पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर किया सम्मानित, कर्तव्यनिष्ठ सेवा को मिली राष्ट्रीय पहचान
प्रयागराज। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रयागराज पुलिस लाइन में आयोजित भव्य परेड एवं सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश पुलिस के उत्कृष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में जनपद सुल्तानपुर में पूर्व में तैनात रहे इंस्पेक्टर लिपिक जलाल अहमद को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया।
प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने जलाल अहमद को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। राष्ट्रपति पदक विजेता के रूप में उन्हें रेलवे यात्रा किराया छूट से संबंधित आधिकारिक पत्र भी प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों से उनका अभिनंदन किया।
जलाल अहमद की सुल्तानपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तैनाती रही है। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने प्रशासनिक एवं लिपिकीय दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ किया। उनकी दीर्घकालिक सेवाओं और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित किया गया।
समारोह में मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जलाल अहमद को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि उनकी कार्यशैली और कर्तव्य के प्रति समर्पण पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
बताया गया कि इंस्पेक्टर जलाल अहमद को इससे पूर्व भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा कई महत्वपूर्ण विशिष्ट पदकों एवं सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने पर उनके शुभचिंतकों और परिचितों में खुशी का 




माहौल है।