अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
तमंचा-कारतूस, बाइक और लूट की नकदी बरामद; तीसरे आरोपी की तलाश जारी
सुलतानपुर। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के पखरौली में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की नकदी, अवैध तमंचा-कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को नित्यानन्द मिश्रा अपने साथी दिवस यादव के साथ टेंट का सामान लेने सुलतानपुर जा रहे थे। दोमुहां चौराहे के पास तीन युवकों ने उनका पीछा किया और पखरौली रोड पर पेट्रोल पंप के आगे सुनसान स्थान पर बाइक रोककर तमंचा दिखाते हुए धमकाया। आरोपियों ने उनसे ₹17 हजार नकद छीन लिए तथा मोबाइल से गूगल-पे के जरिए ₹40 हजार ट्रांसफर करा लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में थाना कोतवाली देहात प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने मुकदमा अपराध संख्या 243/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कार्रवाई के दौरान विभू मिश्रा को भदैया बीट हाउस से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त बाइक और ₹1,300 बरामद हुए। वहीं आदर्श पाण्डेय को पखरौली रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹1,650 बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक तीसरे आरोपी विकास सिंह की तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने कार्रवाई की। लूटकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, हेड कांस्टेबल विपिन दुबे, कांस्टेबल मनीष कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल पन्नेलाल शामिल रहे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की। अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की स


राहना की।