अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसपी चारु निगम ने रात्रि में ही मौके पर पहुंच कर शुरू करवाया था सर्च ऑपरेशन,घर से कुछ दूरी पर गलियारे में मिली बच्ची
सुलतानपुर। गुमशुदा एवं लापता बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जयसिंहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई बालिका को करीब चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता से परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार थाना जयसिंहपुर क्षेत्र के ग्राम दलपत सहाय का पुरवा चोरमा निवासी सुनील यादव की पुत्री मानवी यादव 18 अगस्त की शाम करीब सात बजे के बाद घर से लापता हो गई थी। रात करीब 11:40 बजे पुलिस को सूचना मिलने पर अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम, अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह, थाना प्रभारी जयसिंहपुर एवं थाना प्रभारी मोतिगरपुर मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन शुरू कर दी। संभावित रास्तों, गलियों और अन्य स्थानों पर तलाश के दौरान बालिका घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गलियारे में सकुशल मिल गई।
प्रारंभिक पूछताछ में बालिका ने बताया कि मां द्वारा डांटे जाने के बाद वह रोते हुए घर से दूर चली गई थी और गलियारे में बैठते-बैठते वहीं सो गई। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ व तस्दीक के बाद बालिका को सकुशल परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ऑपरेशन मुस्कान का उद्देश्य गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाना है।
गुमशुदा बालिका को सा कुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम में जयसिंहपुर थाना प्रभारी विवेक कुमार राय, महिला सब इंस्पेक्टर वंदना अग्रहरि, हेड कांस्टेबल रवि शंकर मौर्या, रामराज कांस्टेबल अयोध्या शाह समेत कई पुलिस कर्मी


शामिल रहे।