

अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
कोतवाली नगर व गोसाईगंज थाने में पीस कमेटी की बैठक; एसडीएम और सीओ सिटी ने आयोजकों से शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील
सुलतानपुर। आगामी त्योहारों ईद मिलादुन्नबी (बारावफात), श्रावण मास एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिले के कोतवाली नगर और गोसाईगंज थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं, आयोजकों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों की तैयारियों, जुलूस के रूट, सुरक्षा, यातायात और ध्वनि व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
कोतवाली नगर परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह एवं नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सुरेश नारायण मिश्रा ने की। बैठक में बारावफात जुलूस की रूपरेखा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। सीओ सिटी ने कहा कि जुलूस पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाला जाएगा। धार्मिक झंडों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक झंडे अथवा सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
उन्होंने डीजे को लेकर भी आयोजकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। कहा कि डीजे निर्धारित मानकों और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप तय डेसीबल सीमा में ही बजाए जाएंगे। जुलूस एवं डीजे की अनुमति संबंधित एसडीएम कार्यालय से लेना अनिवार्य होगा। पुलिस द्वारा जुलूस की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी तथा सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
उधर, थाना गोसाईगंज परिसर में एसडीएम जयसिंहपुर संदीप यादव एवं प्रभारी निरीक्षक अखण्ड देव मिश्रा की मौजूदगी में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में ईद मिलादुन्नबी, श्रावण मास और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने आयोजकों से शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम कराने को कहा।
अधिकारियों ने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की अपील की। किसी विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
बैठकों में इमाम जामा मस्जिद मौलाना अब्दुल लतीफ, अंजुमन संचालक, स्टेज संचालक, धर्मगुरु, आयोजक एवं शहर व क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पुलिस-प्रशासन को शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्ण सहयोग का भरो



सा दिलाया।