अफ्तार अहमद फर्स्ट एडिटर न्यूज़ सुल्तानपुर
एसपी विनीत जायसवाल व डॉ. तन्वी जायसवाल ने किया शुभारंभ, 24 घंटे उपलब्ध रहेगी वातानुकूलित जिम सुविधा
सुलतानपुर। पुलिसकर्मियों को चुस्त-दुरुस्त, स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने की दिशा में सुलतानपुर पुलिस ने एक अहम पहल की है। गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स सुलतानपुर में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल एवं वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने नवनिर्मित अत्याधुनिक एवं वातानुकूलित जिम का फीता काटकर संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान एसपी एवं वामा सारथी अध्यक्षा ने जिम में उपलब्ध आधुनिक फिटनेस उपकरणों का जायजा लिया और उनके संचालन व उपयोगिता की जानकारी ली। जिम में चेस्ट प्रेस, लेग कर्ल/लेग एक्सटेंशन, पुल डाउन मशीन, मल्टी फंक्शन स्टेशन, ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर और हाइपर एक्सटेंशन समेत कई अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए प्रशिक्षित जिम ट्रेनर की भी व्यवस्था की गई है।
एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी जिम्मेदारियों और चुनौतियों से भरी होती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से सुदृढ़ रहना बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम तनाव कम करने के साथ ऊर्जा, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ाने में मददगार होता है।
खास बात यह है कि जिम को 24 घंटे पुलिसकर्मियों के लिए सुलभ रखा गया है, ताकि वे अपनी ड्यूटी के अनुरूप सुविधानुसार इसका इस्तेमाल कर सकें। सुलतानपुर पुलिस की यह पहल ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप पुलिस बल को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह , क्षेत्राधिकारी लाइन एवं ट्रैफिक रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी





मौजूद रहे।